पलामू: जिले के मनातू थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रंगेया गांव के धांगरडीह टोला निवासी फागुनी भैया (60 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि फागुनी भैया ओझा-गुणी का काम करते थे, जिसको लेकर आपसी दुश्मनी या रंजिश में उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद आरोपियों ने शव को घर के बाहर फेंक दिया। जब सुबह परिजनों की नजर शव पर पड़ी तो कोहराम मच गया। परिजनों के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने के बाद मनातू थाना की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से पुलिस ने प्रारंभिक साक्ष्य भी जुटाए हैं।
परिजनों का कहना है कि फागुनी भैया का कुछ लोगों से पहले से विवाद चल रहा था। वहीं ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि ओझा-गुणी का काम करने को लेकर भी वह कुछ लोगों के निशाने पर थे। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
इस संबंध में मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पीट-पीटकर हत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे आपसी दुश्मनी या रंजिश की आशंका है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।














