रांची: रांची जिले में खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण माहौल उपलब्ध कराने और खेल अवसंरचना के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एक विस्तृत समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले से जुड़े खेलकूद के विभिन्न महत्वपूर्ण और ज्वलंत मुद्दों पर गहन चर्चा की गई तथा कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक का मुख्य फोकस खेल अवसंरचना को मजबूत करना, अवैध अतिक्रमण हटाना, स्टेडियमों व खेल परिसरों की मरम्मत, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाना और आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों की सुविधाओं की समीक्षा रहा।
प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण पर सख्त निर्देश
उपायुक्त ने उन सभी प्रखंडों की समीक्षा की जहां अब तक प्रखंड स्तरीय स्टेडियम का निर्माण नहीं हो पाया है। उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित प्रखंडों से भूमि विवरणी, प्रस्ताव और आवश्यक प्रतिवेदन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं।
इस संबंध में जिला खेल पदाधिकारी, रांची को आदेश दिया गया कि वे प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अवैध कब्जा और अनुशासनहीनता पर जीरो टॉलरेंस
इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम, मंदिर मैदान मोराबादी परिसर में मौजूद अवैध कब्जा तत्काल हटाने का आदेश दिया गया। साथ ही, सभी स्टेडियमों और खेल परिसरों में नशा-पान, धूम्रपान या किसी भी प्रकार की अनुशासनहीन गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्टेडियमों की मरम्मत और चारदीवारी निर्माण पर जोर
इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम, मोराबादी की क्षतिग्रस्त चारदीवारी की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश। सिल्ली प्रखंड स्थित सिल्ली स्टेडियम परिसर एवं छात्रावास में चारदीवारी निर्माण और आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल प्रारंभ करने का आदेश।
पुराने स्टेडियमों की जांच और सुधार
जिले में पूर्व से निर्मित सभी स्टेडियमों एवं खेल परिसरों की विस्तृत जांच कराने और जहां आवश्यक हो वहां मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया गया। जिला खेल पदाधिकारी को इस संबंध में समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर सख्ती
उपायुक्त ने जिले के सभी प्रशिक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रशिक्षण केंद्रों में नियमित, अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास और बेहतर मार्गदर्शन से ही खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में भोजन व रसद की समीक्षा
जिलांतर्गत संचालित सभी आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में भोजन, रसद एवं अन्य सुविधाओं की आपूर्ति की स्थिति पर रिपोर्ट तत्काल मंगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, मार्च 2026 के प्रथम सप्ताह तक निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर आपूर्ति व्यवस्था सुचारू करने का आदेश दिया गया।
अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा
बैठक में प्रशिक्षण सामग्री, खेल उपकरणों की उपलब्धता, आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी सहित कई अन्य मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रांची को खेल के क्षेत्र में अग्रणी जिला बनाने का लक्ष्य
उपायुक्त ने कहा कि खेल युवाओं के चरित्र निर्माण, स्वास्थ्य संवर्धन और राष्ट्रीय गौरव का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि बैठक में दिए गए निर्देशों का पूर्ण और समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि रांची जिला खेल के क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी जिला बन सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त, रांची – श्री सौरभ भुवनिया, जिला कल्याण पदाधिकारी, रांची – श्री संजय भगत, जिला शिक्षा पदाधिकारी, रांची – श्री विनय कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक, रांची – श्री बादल राज, सदस्य सचिव सह जिला खेल पदाधिकारी, रांची – श्री शिवेंद्र कुमार सिंह, श्री मनोहर टोपनों (पूर्व ओलंपियन)
सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।













