झारखंड वार्ता संवाददाता
गढ़वा: नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को लेकर जिले में चल रही तैयारियों की समीक्षा हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान निर्वाचन से जुड़े विभिन्न कोषांगों- वाहन, कार्मिक, लॉजिस्टिक, मटेरियल, प्रशिक्षण, मीडिया, लेखा, आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) सहित अन्य सहायक कोषांगों की एक-एक कर विस्तृत समीक्षा की गई। सभी कोषांगों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली गई तथा आवश्यक सुधारात्मक एवं कार्यान्वयन से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त श्री यादव ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी कोषांग आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि नगरपालिका निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने निर्वाचन अवधि में विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान तथा आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन हेतु सतत निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।
बैठक में उप विकास आयुक्त सह नोडल पदाधिकारी नगरपालिका कोषांग पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय, अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधरनगर प्रभाकर मिर्धा, अनुमंडल पदाधिकारी रंका रुद्र प्रताप, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, भूमि सुधार उपसमाहर्ता रवीश राज सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, पुलिस उपाधीक्षक यशोधरा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
सभी कोषांग आपसी समन्वय के साथ करें काम : डीसी














