---Advertisement---

पलामू: दामाद ने ससुराल में चाकूबाजी कर मचाया तांडव; ससुर की मौत, पत्नी-साली गंभीर रूप से घायल

On: January 30, 2026 10:37 AM
---Advertisement---

पलामू: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लठैया पंचायत के गम्हरिया गांव में गुरुवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पत्नी को मायके से जबरन ले जाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही ससुराल में चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और साली गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।


मृतक की पहचान गम्हरिया गांव निवासी सुनील यादव के रूप में हुई है। वहीं, हमले का आरोपी लवकुश यादव, हैदरनगर थाना क्षेत्र के सोबा बरेवा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


बाहर से लौटते ही ससुराल पहुंचा आरोपी


जानकारी के अनुसार, लवकुश यादव बाहर राज्य में मजदूरी करता था। गुरुवार को वह अपने ससुराल गम्हरिया गांव पहुंच गया। यहां उसने पत्नी रीता देवी (23) को अपने साथ घर ले जाने की बात कही, लेकिन पत्नी ने जाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में तब्दील हो गई।


पत्नी पर हमला, बचाने आए ससुर को भी नहीं बख्शा


गुस्से में आकर लवकुश यादव ने चाकू निकालकर पत्नी रीता देवी पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर सुनील यादव ने दामाद को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनके पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर चोट लगने से सुनील यादव की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान साली कविता कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंची और पिता व बहन को बचाने का प्रयास किया, जिस पर आरोपी ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया।


तीनों को पहुंचाया गया अस्पताल, एक की मौत


घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल रीता देवी और कविता कुमारी को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल, मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


तीन साल पहले हुई थी शादी, रिश्तों में था तनाव


बताया जा रहा है कि लवकुश यादव की शादी करीब तीन साल पहले सुनील यादव की बेटी रीता देवी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव चल रहा था। लवकुश बाहर काम करता था, जबकि रीता देवी अपने बच्चे के साथ मायके में रह रही थी।


आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी


घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें