किश्तवाड़: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक बार फिर आतंक के खिलाफ सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन चल रहा है। जिले के सिंहपोरा क्षेत्र में रविवार देर रात सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई, जो अभी भी जारी है। भारतीय सेना और किश्तवाड़ पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2 से 3 आतंकियों को घेर लिया है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, घिरे हुए आतंकी जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े बताए जा रहे हैं। ये वही आतंकी हैं, जो 18 और 22 जनवरी को चले तलाशी अभियानों के दौरान जंगलों का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
कच्ची बनी ढोक में छिपे आतंकी, बर्फबारी बनी बाधा
खुफिया सूत्रों का कहना है कि आतंकी फिलहाल कच्ची बनी ढोक में छिपे हुए हैं। क्षेत्र में हो रही लगातार भारी बर्फबारी के कारण आतंकियों के लिए मूवमेंट बेहद सीमित हो गई है, जिससे उनके भाग निकलने की संभावना काफी कम मानी जा रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है, जबकि अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती भी की गई है।
6 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट बंद
सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने सिंहपोरा, चिंगम और चतरू क्षेत्रों को कवर करने वाले करीब छह किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम ऑपरेशन को सुरक्षित और प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए उठाया गया है।
18 जनवरी से जारी है बड़ा आतंक विरोधी अभियान
बताया जा रहा है कि इस पूरे इलाके में 18 जनवरी को आतंक विरोधी अभियान शुरू किया गया था। इसी दौरान मंदराल-सिंहपोरा के पास सोनार जंगल में भीषण गोलीबारी हुई थी, जिसमें एक पैराट्रूपर शहीद हो गए थे, जबकि सात अन्य जवान घायल हुए थे। उस समय आतंकी घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। इसके बावजूद, सुरक्षाबलों ने दो फीट से अधिक बर्फबारी के बीच भी तलाशी अभियान जारी रखा।
22 और 25 जनवरी को भी हुई थीं मुठभेड़ें
इसके बाद 22 जनवरी को माली दाना टॉप और 25 जनवरी को जनसीर-कंडीवार क्षेत्र में भी सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, लेकिन हर बार आतंकी जंगलों में गहराई तक छिपने में कामयाब रहे।
दुर्गम पहाड़ों और बर्फबारी के बीच ऑपरेशन जारी
भारी बर्फबारी, घने जंगल और कठिन पहाड़ी इलाके के बावजूद सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन रोकने से इनकार कर दिया है। रुक-रुककर गोलीबारी जारी है और आतंकियों को ढेर करने के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।













