---Advertisement---

धनबाद: झरिया विधायक के आवास ‘सिंह मेंशन’ पर बमबारी, इलाके में दहशत; जांच में जुटी पुलिस

On: February 2, 2026 5:48 PM
---Advertisement---

धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र के स्टील गेट इलाके में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब झरिया की भाजपा विधायक रागिनी सिंह के आवास ‘सिंह मेंशन’ पर बम से हमला किया गया। बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने आवास को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक दो सुतली बम फेंक दिए और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।


पुलिस के अनुसार, रात के लगभग 11.20 बजे एक बम सिंह मेंशन के मुख्य गेट के अंदर फेंका गया, जबकि दूसरा बम गेट के बाहर सड़क पर पटक दिया गया। धमाके इतने तेज थे कि आसपास के घरों में रह रहे लोग सहम गए और पूरे इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। धमाके की आवाज सुनकर लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।


घटना के तुरंत बाद सिंह मेंशन में तैनात सुरक्षा गार्ड सतर्क हो गए। परिवार के सदस्य भी बाहर आए और पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। इसके बाद तत्काल सरायढेला थाना को पूरे मामले की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।


पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने सिंह मेंशन के गेट के अंदर और बाहर से बम विस्फोट के अवशेष एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि हमले में सुतली बम का इस्तेमाल किया गया था। जब्त किए गए साक्ष्यों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।


इसके साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में दूर से बाइक पर सवार दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं, हालांकि अंधेरा होने के कारण उनकी पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now