पलामू: पलामू प्रमंडलीय भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नौडीहा प्रखंड में पदस्थापित रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार राम को ₹7000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी कूप निर्माण के भुगतान से जुड़े एक मामले में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोजगार सेवक द्वारा कूप निर्माण कार्य में राशि आवंटन कराने के एवज में लाभार्थी से रिश्वत की मांग की जा रही थी। रिश्वत से परेशान लाभार्थी ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पलामू एसीबी कार्यालय में दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की गुप्त जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसीबी द्वारा धावा दल का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया गया।
शुक्रवार को तय समय और स्थान पर जैसे ही लाभार्थी ने रोजगार सेवक को ₹7000 की रिश्वत सौंपी, पहले से घात लगाए एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी के हाथ धुलवाए गए, जिसमें केमिकल जांच के दौरान रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसीबी की टीम गिरफ्तार रोजगार सेवक को अपने साथ पलामू ले गई। इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालयों में हड़कंप मच गया है।














