रांची: झारखंड में एक बार फिर ठंड ने दस्तक दी है। कुछ दिन पहले तक दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी से लोगों को राहत मिलने लगी थी, लेकिन अब कड़ाके की ठंड ने प्रदेश को आगोश में ले लिया है। हिमालयी क्षेत्रों में हो रही भारी बर्फबारी का असर अब झारखंड तक साफ नजर आने लगा है। वहां से आ रही सर्द और तेज हवाओं के कारण राज्य के कई हिस्सों में तापमान तेजी से नीचे लुढ़क गया है।
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान गिरकर 6.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर काफी बढ़ गया है। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है और खुले इलाकों में सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।
13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। डाल्टनगंज में तापमान 8.02 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि खूंटी में यह 8.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लातेहार और लोहरदगा जैसे जिलों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है।
बढ़ी ठंड से जनजीवन प्रभावित
अचानक बढ़ी ठंड का असर आम जनजीवन पर भी दिखने लगा है। सुबह के समय कोहरा और सर्द हवाओं के कारण लोग देर से घरों से निकल रहे हैं। बाजारों में भी सुबह की रौनक कम नजर आ रही है। बुजुर्गों और बच्चों को खासतौर पर ठंड से बचाव की सलाह दी जा रही है।
अगले एक सप्ताह तक बनी रह सकती है ठंड
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि राज्य में ठंड का यह दौर अगले एक सप्ताह तक जारी रह सकता है। हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।










