---Advertisement---

रांची-ऋषिकेश के बीच सीधी रेल सेवा की मांग, राज्यपाल ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

On: February 9, 2026 9:55 PM
---Advertisement---

रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची से ऋषिकेश तक नई रेल सेवा प्रारंभ करने के संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इस दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। प्रस्तावित रेल सेवा रांची से लोहरदगा, टोरी, डाल्टनगंज, डेहरी-ऑन-सोन, वाराणसी, अयोध्याधाम, बरेली होते हुए हरिद्वार और ऋषिकेश तक संचालित करने का सुझाव दिया गया है।

राज्यपाल को यह प्रस्ताव फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की ओर से प्राप्त प्रार्थना-पत्र के माध्यम से मिला था। पत्र में राज्यपाल ने इस मांग को जनहित से जुड़ा और अत्यंत आवश्यक बताया है।
राज्यपाल ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान समय में झारखंड से उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और तीर्थस्थलों के लिए सीधी रेल सेवा का अभाव है। इसके कारण यात्रियों, विशेषकर श्रद्धालुओं और बुजुर्ग यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलने और लंबी प्रतीक्षा जैसी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि रांची से लखनऊ, अयोध्या, बरेली, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे प्रमुख नगरों के लिए सीधी रेल सेवा शुरू होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत मिलेगी। प्रस्तावित रेल सेवा के माध्यम से श्रद्धालु श्री अयोध्याधाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन के साथ-साथ हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे पवित्र तीर्थस्थलों तक सुगमता से पहुंच सकेंगे।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने यह भी कहा कि इस नई रेल सेवा के प्रारंभ होने से झारखंड और उत्तर प्रदेश के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा व्यापार, पर्यटन और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे दोनों राज्यों के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से इस प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now