पटना: मशहूर बॉलीवुड कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों निजी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। एक पुराने चेक बाउंस मामले में 5 फरवरी 2026 को तिहाड़ जेल में सरेंडर करने के बाद से उनका परिवार गहरे सदमे में है। इस खबर के सामने आते ही न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री, बल्कि राजनीतिक जगत से भी मदद के हाथ आगे बढ़ने लगे हैं।
इस मानवीय संकट के समय कई प्रभावशाली हस्तियों ने राजपाल यादव और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
तेज प्रताप यादव ने दी 11 लाख रुपये की सहायता
इसी बीच जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने राजपाल यादव के परिवार को आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की है। इसकी जानकारी उन्होंने मंगलवार, 10 फरवरी 2026, को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।
तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्हें अपने बड़े भाई राव इंद्रजीत यादव की पोस्ट के माध्यम से राजपाल यादव के परिवार की पीड़ा के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा JJD परिवार, राजपाल यादव के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आगे लिखा कि मानवीय करुणा और सहयोग की भावना से पार्टी की ओर से ₹11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता परिवार को प्रदान की जा रही है। तेज प्रताप यादव ने इसे सिर्फ एक मदद नहीं, बल्कि संवेदनात्मक समर्थन बताया।
राव इंद्रजीत यादव ने दिया एक करोड़ 11 लाख रुपये का सहयोग
इससे पहले राव इंद्रजीत यादव ने भी राजपाल यादव के समर्थन में बड़ी पहल की थी। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि राजपाल यादव की स्थिति के बारे में जानकर उन्हें गहरा दुख हुआ। उन्होंने Gem Tunes Family की ओर से ₹1 करोड़ 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और देशवासियों से भी अपील की कि वे इस कठिन समय में आगे आकर राजपाल यादव और उनके परिवार को संबल दें।
राजपाल यादव की मदद के लिए सामने आए ये कदम यह दिखाते हैं कि संकट की घड़ी में मानवता, सहानुभूति और एकजुटता अब भी समाज की सबसे बड़ी ताकत है। फिल्म इंडस्ट्री से लेकर राजनीतिक जगत तक, हर वर्ग के लोग उनके समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं।












