---Advertisement---

पाकिस्तान शिफ्ट हुआ गैंगस्टर प्रिंस खान, दुबई में पकड़े जाने के डर से बदला ठिकाना

On: February 11, 2026 2:02 PM
---Advertisement---

रांची: कुख्यात और झारखंड पुलिस के लिए सिर दर्द बना फरार गैंगस्टर प्रिंस खान अब दुबई में नहीं है। सुरक्षा एजेंसियों को मिली खुफिया जानकारी के मुताबिक, उसने दुबई छोड़कर पाकिस्तान में शरण ले ली है। दावा है कि वह फिलहाल पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में छिपा हुआ है और वहीं से अपने नेटवर्क को संचालित करने की कोशिश कर रहा है।

दुबई में बढ़ते दबाव के बाद बदला ठिकाना

जानकारी के अनुसार, झारखंड पुलिस और कई केंद्रीय जांच एजेंसियों ने प्रिंस खान की गतिविधियों को लेकर दुबई पुलिस से संपर्क साधा था। भारतीय एजेंसियों की बढ़ती सक्रियता और संभावित कार्रवाई के दबाव को देखते हुए उसने जल्दबाजी में अपना ठिकाना बदल लिया। बताया जा रहा है कि दुबई में उसके साथ रह रहे सात करीबी सहयोगी भी अचानक गायब हो गए हैं। इससे यह आशंका और मजबूत हो गई है कि उसका पूरा नेटवर्क अब पाकिस्तान शिफ्ट हो चुका है या शिफ्ट होने की प्रक्रिया में है।

प्रिंस खान पर आरोप है कि वह विदेश में बैठकर धनबाद समेत झारखंड के कई जिलों में रंगदारी का संगठित नेटवर्क चला रहा था। व्यापारियों, बिल्डरों, ट्रांसपोर्टरों और ठेकेदारों को फोन कॉल, इंटरनेट कॉलिंग और अन्य डिजिटल माध्यमों से धमकाकर वसूली की जाती थी। रंगदारी नहीं देने वालों को उसके गुर्गों के जरिए डराने, फायरिंग कराने और हमले करवाने के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। स्थानीय पुलिस रिकॉर्ड में उसके नाम से जुड़ी कई आपराधिक वारदात दर्ज हैं। प्रिंस अपने सगे मामा फहीम खान के करीबी नन्हे की हत्या के दिन, यानी 24 नवंबर 2021 से फरार है। अभी तक प्रिंस खान के खिलाफ झारखंड और बिहार के थानों में 112 से ज्यादा केस दर्ज हो चुके हैं।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि उसका नेटवर्क केवल धनबाद तक सीमित नहीं रहा। हाल के दिनों में जमशेदपुर, रांची, पलामू, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़ और बोकारो जैसे जिलों में भी उसके गिरोह की सक्रियता की जानकारी सामने आई है। इन इलाकों में रंगदारी, धमकी और आपराधिक साजिशों के तार उससे जुड़े बताए जाते हैं।

फिलहाल झारखंड पुलिस, केंद्रीय एजेंसियां और खुफिया विभाग उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय कर आगे की कानूनी और कूटनीतिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now