SA vs AFG: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में क्रिकेट प्रशंसकों को एक यादगार मुकाबला देखने को मिला, जब दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान ने ऐसा रोमांचक मैच खेला जिसमें सब कुछ था, ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, आखिरी पलों का रोमांच और दबाव में भी धैर्य। दोनों टीमों ने अपने निर्धारित 20 ओवरों में 187 रन बनाए, जिससे मैच टाई हो गया और सुपर ओवर की नौबत आई। लेकिन रोमांच यहीं खत्म नहीं हुआ। पहला सुपर ओवर भी बराबरी पर छूटा, और नतीजा निकालने के लिए एक दुर्लभ दूसरा सुपर ओवर खेला गया, जिसमें आखिरकार दक्षिण अफ्रीका ने 4 रन से जीत हासिल की।
दोनों टीमों ने 20-20 ओवर के खेल के बाद 187-187 रन बनाए थे। मैच टाई रहने पर सुपर ओवर में पहुंचा था। इसके बाद अफगानिस्तान ने पहले सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए 17 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने भी 17 रन बना दिए। सुपर ओवर में स्कोर टाई रहने के बाद मैच दूसरे सुपर ओवर में पहुंचा। दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 23 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम ने शुरुआती दो गेंद में कोई रन नहीं बनाए थे, साथ ही नबी भी आउट हो गए थे। इसके बाद रहमनुल्लाह गुरबाज ने अगली तीन गेंद पर तीन छक्के लगाए। ऐसे में केशव महाराज की आखिरी गेंद पर अफगानिस्तान को छह रन चाहिए थे। फिर महाराज ने वाइड गेंद फेंकी। ऐसे में अफगानिस्तान को मैच टाई कराने के लिए चार रन और जीत के लिए पांच रन चाहिए थे। हालांकि, आखिरी गेंद पर गुरबाज कैच दे बैठे और आउट हो गए।














