---Advertisement---

होने वाले दामाद के साथ भागी महिला अब बहनोई संग हुई फरार, 2 लाख रुपए और गहने भी ले गई

On: February 12, 2026 1:07 PM
---Advertisement---

अलीगढ़: उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। 43 वर्षीय सपना देवी, जो पिछले साल अपनी बेटी की शादी से ठीक पहले होने वाले दामाद के साथ फरार होने के कारण चर्चा में आई थीं, अब एक नई विवादित घटना को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार आरोप है कि वह अपने बहनोई के साथ घर छोड़कर चली गई हैं और साथ में नकदी व गहने भी ले गई हैं।

दादों क्षेत्र के नगला मछरिया गांव निवासी राहुल ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी सपना देवी को उसका 30 वर्षीय बहनोई देवेंद्र अपने साथ भगा ले गया है। राहुल का कहना है कि सपना घर से करीब दो लाख रुपये नकद और गहने भी लेकर गई है।

यह वही सपना देवी हैं, जिन्होंने अप्रैल 2025 में अपनी बेटी की शादी से महज 12 दिन पहले होने वाले दामाद राहुल के साथ घर छोड़ दिया था। जानकारी के मुताबिक, राहुल की शादी 16 अप्रैल 2025 को मडराक क्षेत्र के मनोहरपुर कायस्थ निवासी जितेंद्र की बेटी से तय हुई थी। शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। 6 अप्रैल को जितेंद्र शादी का निमंत्रण कार्ड देने अपनी बहन के घर गए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी सपना देवी अचानक लापता हो गईं। दो दिन बाद पता चला कि वह अपनी बेटी के होने वाले दामाद राहुल के साथ चली गई हैं। दोनों के बीच करीब चार महीने से प्रेम संबंध चल रहा था।

काफी खोजबीन और परिवार की कोशिशों के बाद दोनों सामने आए और साफ कर दिया कि वे साथ रहना चाहते हैं। परिवार और समाज के विरोध के बावजूद दोनों ने शादी कर ली और बिहार के सीतामढ़ी में रहने लगे। सपना देवी ने वहां अपना नाम बदलकर ‘अपना देवी’ रख लिया था।

शादी के बाद बिगड़े रिश्ते

राहुल का आरोप है कि शादी के बाद सपना के व्यवहार में काफी बदलाव आ गया था। उसने उस पर जहर देकर मारने की कोशिश भी की। अब करीब 10 महीने बाद सपना के अपने बहनोई के साथ फरार होने की बात सामने आई है। राहुल का कहना है कि वह पहले सीतामढ़ी (बिहार) में पुलिस के पास गया, लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने अलीगढ़ के दादों थाने में शिकायत दी। हालांकि, दोनों ही जगह मामला औपचारिक रूप से दर्ज नहीं किया गया है।

घटना उत्तर प्रदेश और बिहार से जुड़ी होने के कारण पुलिस स्तर पर मामला उलझा हुआ है। दादों थाना पुलिस ने इसे बिहार का मामला बताते हुए पल्ला झाड़ लिया है, जबकि बिहार में भी अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। फिलहाल पूरा मामला आरोप-प्रत्यारोप के बीच उलझा हुआ है। पुलिस का कहना है कि यदि लिखित शिकायत के आधार पर अधिकार क्षेत्र स्पष्ट होता है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now