रांची: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की फ्लाइंग टीम रांची ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। ऑपरेशन ‘नार्कोस’ के तहत चलाए गए विशेष अभियान में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से करीब 18 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
रांची मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ द्वारा स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। 10 फरवरी 2026 को रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच के दौरान ट्रेन संख्या 15027 के आगमन के बाद प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर एक पुरुष और एक महिला संदिग्ध अवस्था में बैठे मिले। पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम राजू कुमार (29), निवासी रोहतास (बिहार) और महिला ने छोटी कुमारी (21), निवासी रोहतास (बिहार) बताया। बैग की तलाशी लेने पर दोनों ने स्वीकार किया कि उसमें प्लास्टिक में लिपटा गांजा रखा है। जांच के दौरान 18 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरपीएफ ने बरामद गांजे को विधिवत जब्त कर सील कर दिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गांजा और रेलवे टिकट उन्हें संबलपुर (ओडिशा) के बिस्नु ने दिया था। सासाराम रेलवे स्टेशन पर यह खेप गिरधरपुर के बिट्टू चंद्रवंशी और छोटू सिंह को सौंपने का निर्देश था। इसके बाद दोनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया। उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसर में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। ऑपरेशन ‘नार्कोस’ के तहत रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।














