आगरा: उत्तरप्रदेश के आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जाजऊ गांव में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब लिव-इन में रह रही 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती के परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर जलती चिता को बुझवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
चार साल से साथ रह रहे थे
जानकारी के मुताबिक किरावली निवासी निजाम की बेटी सना करीब साढ़े चार वर्ष पहले अजीत सिंह नामक युवक के साथ घर से चली गई थी। अजीत सिंह के साथ जाजऊ में लिव-इन में रह रही थीं। अजीत ने उसका नाम बदलकर मोहिनी रख दिया और उससे प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद सना ने एक बच्ची को जन्म दिया। इस दौरान सना का अपने मायके से कोई संपर्क नहीं था।
परिजनों का आरोप है कि अजीत सिंह, जो फाइनेंस का काम करता था, घर के आसपास आता-जाता था और उसी दौरान वह उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। उनका कहना है कि साथ रहने के कुछ समय बाद ही सना के साथ मारपीट और उत्पीड़न शुरू हो गया था।
पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर करीब तीन बजे सना की अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण टीबी (क्षय रोग) बताया जा रहा है। हालांकि, जब अजीत सिंह ग्रामीणों के साथ शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गया, तभी सना के मायके पक्ष को सूचना मिली।
परिजनों ने तत्काल पुलिस को हत्या की आशंका जताते हुए सूचना दी। इसके बाद फतेहपुर सीकरी थाना पुलिस आनन-फानन में श्मशान घाट पहुंची। उस समय चिता जल रही थी। पुलिस टीम ने पानी डालकर आग बुझवाई और शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मौके से अजीत सिंह को हिरासत में लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद जाजऊ गांव में तनाव का माहौल है। युवती के मुस्लिम समुदाय से होने और युवक के हिंदू समुदाय से जुड़े होने के कारण स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।














