गढ़वा: जिले के केतार थाना क्षेत्र के बांसडीह खुर्द गांव निवासी शुकुल रजवार ने हैदराबाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार शुकुल रजवार करीब 20 दिन पहले रोज़गार की तलाश में हैदराबाद गया था और मजदूरी का काम कर रहा था। उसकी शादी आगामी 25 अप्रैल को हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के चौबे-मझिगवां गांव में तय थी। परिवार वाले विवाह की तैयारी में जुटे थे और घर में खुशियों का माहौल था।
बताया जा रहा है कि घटना के दिन शुकुल अपनी होने वाली पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद वह अचानक शौचालय में चला गया और वहीं फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता और अन्य परिजन सदमे में हैं। शादी की तैयारियां जहां चल रही थीं, वहां अब मातम का माहौल है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
इधर, इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।













