रांची: JSSC-CGL 2023 परीक्षा में पेपर लीक मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। झारखंड CID ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अनीश कुमार को पटना से गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे अनीश की गिरफ्तारी को अहम सफलता माना जा रहा है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ होगी।
जांच एजेंसी के अनुसार, अनीश कुमार को इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। आरोप है कि उसने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के लिए संगठित गिरोह तैयार किया था, जिसमें बिचौलियों, अभ्यर्थियों और अन्य सहयोगियों की भूमिका भी सामने आई है। बता दें कि इस पेपर लीक मामले में अब तक दस से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।









