धनबाद: जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित MINERVA DIGITAL परीक्षा केंद्र में SSC (MTS) ऑनलाइन परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अभ्यर्थियों और केंद्र के एक कर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ब्लूटूथ स्पाई ईयरपीस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 4 फरवरी से 12 फरवरी तक केंद्र में एसएससी (एमटीएस) की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित हो रही थी। 12 फरवरी को दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान सेंटर को-ऑर्डिनेटर को कदाचार की आशंका हुई, जिसके बाद तत्काल गोविंदपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध अभ्यर्थियों की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान दो परीक्षार्थियों के कान में लगे ब्लूटूथ स्पाई डिवाइस बरामद हुए। दोनों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसके जरिए बाहर बैठे लोगों से प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए जा रहे थे।
गिरफ्तार परीक्षार्थियों की पहचान रौनक कुमार और बिट्टू कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के लखीसराय जिले के रहने वाले हैं। दोनों इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए परीक्षा में नकल कर रहे थे। पुलिस ने परीक्षा केंद्र में रजिस्ट्रेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत शशि कुमार को भी गिरफ्तार किया है, जो बिहार के नालंदा जिले का निवासी है।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने के लिए करीब 8 लाख रुपये प्रति उम्मीदवार की डील तय की गई थी। इसमें से लगभग 2.5 लाख रुपये एडवांस के तौर पर लिए जा चुके थे। शशि कुमार पर आरोप है कि उसने परीक्षा केंद्र के अंदर तकनीकी मदद उपलब्ध कराकर नकल की व्यवस्था कराई।
पुलिस ने इस मामले में गोविंदपुर थाना कांड संख्या 68/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 के तहत केस दर्ज किया है।














