कोलकाता: शनिवार सुबह इंडिगो की कोलकाता से शिलॉन्ग जा रही फ्लाइट 6E3074 में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के टॉयलेट कंपार्टमेंट से एक संदिग्ध हाथ से लिखा नोट बरामद किया गया। नोट में फ्लाइट में बम होने का दावा किया गया था, जिसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट जैसे ही कोलकाता एयरपोर्ट पर थी, संदिग्ध चिट्ठी मिलने की सूचना क्रू मेंबर्स ने अधिकारियों को दी। इसके बाद तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतारा गया। एयरक्राफ्ट को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने गहन तलाशी अभियान चलाया।
करीब चार घंटे चली जांच के बाद राहत की खबर सामने आई। सुरक्षा एजेंसियों को विमान में किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि बम की धमकी पूरी तरह अफवाह थी।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि सभी स्टैंडर्ड सिक्योरिटी प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद फ्लाइट को दोपहर 1 बजकर 33 मिनट पर शिलॉन्ग के लिए रवाना होने की अनुमति दे दी गई। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया गया।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब किसी विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली हो। इससे पहले भी देश की कई एयरलाइंस की फ्लाइट्स को इस तरह की धमकियों का सामना करना पड़ा है। कई मामलों में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी, तो कहीं उड़ान से पहले ही एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय होना पड़ा।
हालांकि, अब तक सामने आए ज्यादातर मामलों में बम की धमकियां महज अफवाह साबित हुई हैं। बावजूद इसके, सुरक्षा एजेंसियां हर अलर्ट को बेहद गंभीरता से लेती हैं, ताकि यात्रियों की जान को किसी भी तरह का खतरा न हो।








