गुमला: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को शनिवार को लघु सिंचाई कार्यालय, गुमला में पदस्थापित अकाउंटेंट राहुल प्रताप को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई कार्यालय परिसर स्थित उनके सरकारी आवास पर की गई, जहां वह एक ठेकेदार से अवैध राशि ले रहे थे। जैसे ही रिश्वत की रकम का लेन-देन हुआ, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक, शहर के एसएस बालिका विद्यालय में संचालित एक सरकारी योजना के भुगतान से संबंधित चेक निर्गत करने के बदले राहुल प्रताप ने ठेकेदार से रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की लगातार मांग से परेशान होकर ठेकेदार ने एसीबी से संपर्क किया और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
एसीबी ने शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक जांच और सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की गई। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने मौके पर ही आरोपी से काफी देर तक पूछताछ की। इसके बाद उसे लघु सिंचाई कार्यालय लाया गया, जहां संबंधित फाइलों और दस्तावेजों की गहन जांच की गई। एसीबी टीम के कार्यालय पहुंचते ही पूरे परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।














