जमशेदपुर: लोकसभा क्षेत्र में बारीगोड़ा और गोविंदपुर क्षेत्र के निवासियों के लिए खुशखबरी! इनकी वर्षों से चिर परिचित मांग पूरी होने जा रही है। टाटानगर एवं आसनबनी के बीच स्थित समपार फाटक संख्या 137 (गोविंदपुर) एवं 138 (बारीगोड़ा) पर रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) का निर्माण अब पूर्णतया रेलवे द्वारा किया जाएगा।
इस संदर्भ में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने सांसद विद्युत वरण महतो को पत्र लिखकर अवगत कराया है।

बता दें कि सांसद विद्युत वरण महतो ने वर्तमान बजट सत्र के दौरान व्यक्तिगत रूप से माननीय केंद्रीय रेल मंत्री जी से मुलाकात कर उन्हें इन दोनों फाटकों पर ट्रेनों की अत्यधिक आवृत्ति और भारी सड़क यातायात के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और जनता को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया था। रेल मंत्री जी ने इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को इसके तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
यह परियोजना पहले केंद्र और राज्य सरकार के बीच 50:50 लागत साझेदारी के आधार पर द्वि-एजेंसी व्यवस्था के अंतर्गत स्वीकृत थी।
राज्य सरकार से इस महत्वपूर्ण ओवरब्रिज के निर्माण के लिए कई बार आग्रह किया, लेकिन उनकी ओर से कोई ठोस रुचि या सहयोग नहीं मिला। राज्य सरकार की इस उदासीनता के कारण गोविंदपुर और बारीगोड़ा की जनता लंबे समय से जाम और असुरक्षा का सामना कर रही थी।
संसद के निरंतर प्रयासों और रेलवे प्रशासन की संवेदनशीलता के कारण अब यह निर्णय लिया गया है कि इन दोनों ओवरब्रिजों का निर्माण रेलवे स्वयं अपने 100 प्रतिशत खर्च पर ‘एकल एजेंसी’ के रूप में करेगा।
आसनबनी-टाटानगर सेक्शन दक्षिण पूर्व रेलवे के सबसे व्यस्त ‘A’ मार्ग खंडों में से एक है। यहाँ ट्रेनों और वाहनों के भारी दबाव के कारण गेट संचालन अत्यंत जटिल हो गया था। अब रेलवे द्वारा स्वयं निर्माण का जिम्मा लेने से कार्य की गति बढ़ेगी और संबंधित बाधाएं दूर होंगी। इसके साथ ही, मकदुमपुर रेलवे गेट के पास प्रस्तावित रोड ओवर ब्रिज (ROB) का प्रस्ताव भी वर्तमान में विचारधीन है।
सांसद ने कहा कि विश्वास दिलाता हूँ कि क्षेत्र के विकास और बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने के लिए मेरा संकल्प अटूट है और हम जमशेदपुर की हर समस्या के समाधान के लिए इसी प्रकार समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।












