8th Pay Commission Scam: : देशभर में 8वें वेतन आयोग को लेकर चर्चा के बीच साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी, जो वेतन बढ़ोतरी की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें अब एक नए ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार बनाया जा रहा है। व्हाट्सऐप के जरिए फर्जी मैसेज भेजकर लोगों को एक खतरनाक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए उकसाया जा रहा है, जिससे मोबाइल का पूरा कंट्रोल अपराधियों के हाथ में चला जाता है।
एडवाइजरी जारी
इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर ने नए साइबर स्कैम को लेकर सोशल मीडिया पर अलर्ट जारी किया है। लोगों को APK फाइल वाले लिंक पर क्लिक न करने की चेतावनी दी गई है। इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर ने सलाह दी है कि संदिग्ध नंबर को तुरंत ब्लॉक करें, रिपोर्ट करें और साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने को जानकारी दें।
कैसे हो रहा है फ्रॉड
साइबर अपराधी व्हाट्सऐप पर एक मैसेज भेजते हैं जिसमें लिखा होता है कि 8वें वेतन आयोग के तहत आपकी नई सैलरी कितनी होगी, यह जानने के लिए इस लिंक से ऐप डाउनलोड करें। मैसेज के साथ दिया गया लिंक किसी आधिकारिक वेबसाइट का नहीं होता, बल्कि सीधे APK फाइल डाउनलोड कराता है। यह ऐप Google Play Store पर उपलब्ध नहीं होता, लेकिन इसे इंस्टॉल करने के लिए यूजर को मजबूर किया जाता है।
ऐप इंस्टॉल करते ही क्या होता है
जैसे ही यह फर्जी ऐप मोबाइल में इंस्टॉल होता है, यह कई खतरनाक परमिशन मांगता है, जैसे – Contacts, SMS, Call, logs, Storage, Accessibility access इन परमिशन के मिलते ही ठग आपके फोन का पूरा डेटा देख सकते हैं।
इस ऐप के जरिए ठग बैंक से आने वाले OTP पढ़ सकते हैं। UPI के जरिए पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं। आपके कॉन्टैक्ट्स को फर्जी मैसेज भेज सकते हैं, यहां तक कि आपके सोशल मीडिया अकाउंट भी हैक कर सकते हैं। यानि कुछ ही मिनटों में बैंक अकाउंट खाली होने का खतरा बन जाता है।
क्यों बन रहे हैं सरकारी कर्मचारी निशाना
8वें वेतन आयोग को लेकर देशभर में उत्सुकता है। इसी का फायदा उठाकर ठग वेतन बढ़ोतरी का लालच देकर लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। कई मामलों में पेंशनभोगी भी इस फर्जी ऐप के कारण ठगी का शिकार हुए हैं।
ऐसे करें बचाव
• कभी भी अनजान लिंक से APK फाइल डाउनलोड न करें
• Google Play Store के बाहर से ऐप इंस्टॉल करने से बचें
• मोबाइल में ‘Install from Unknown Sources’ बंद रखें
• किसी भी ऐप को अनावश्यक परमिशन न दें
• वेतन आयोग से जुड़ी जानकारी सिर्फ सरकारी और आधिकारिक वेबसाइट से ही लें
क्या करें अगर ऐप इंस्टॉल हो गया है
• तुरंत इंटरनेट बंद करें
• ऐप अनइंस्टॉल करें
• सभी बैंक पासवर्ड और UPI PIN बदलें
• अपने बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें
8वें वेतन आयोग के नाम पर फैल रही यह ठगी बेहद खतरनाक है। वेतन बढ़ोतरी की जानकारी पाने की जल्दबाजी में कोई भी अनजान ऐप डाउनलोड करना भारी पड़ सकता है। सतर्क रहें, आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें और दूसरों को भी इस साइबर फ्रॉड के बारे में जागरूक करें।













