धनबाद: पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 जिंदा कछुओं को बरामद किया है। यह पूरी कार्रवाई ऑपरेशन WILEP (Wildlife Protection) के तहत की गई। बरामद कछुए इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के हैं, जो वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित श्रेणी में आते हैं।
आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 13010 योग नगरी ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस के जरिए कछुओं की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट और सीआईबी की संयुक्त टीम सतर्क हो गई और ट्रेन के धनबाद रेलवे स्टेशन पहुंचने का इंतजार किया गया।
ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची, टीम ने जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान इंजन की ओर से दूसरे सामान्य कोच में एक नीले रंग का कपड़े का थैला सीट के नीचे लावारिश हालत में मिला। टीम ने यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उस थैले पर अपना दावा नहीं किया, जिससे शक और गहरा गया।
ट्रेन के रवाना होने से पहले थैले को प्लेटफॉर्म पर उतारकर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में खोला गया। अंदर जूट के बोरे में 16 जिंदा कछुए पाए गए। इसके बाद आरपीएफ ने विधिवत जब्ती सूची तैयार कर कछुओं को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्ट पर लाया गया।
बरामद कछुओं को वन विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कछुओं की चिकित्सकीय जांच और उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की कार्रवाई वन विभाग द्वारा की जाएगी।














