T20 World Cup: कोलंबो में 15 फरवरी को खेले गए T20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को बड़े अंतर से हराकर टूर्नामेंट में दमदार संदेश दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर दिखा और खिलाड़ियों ने मैदान पर ही जश्न मनाना शुरू कर दिया।
हालांकि, जीत के इस खुशनुमा माहौल के बीच एक ऐसा पल कैमरे में कैद हो गया, जिसने फैंस और क्रिकेट गलियारों में चर्चा तेज कर दी। दरअसल, जश्न के दौरान हार्दिक पंड्या को कुलदीप यादव को सख्त लहजे में कुछ कहते हुए देखा गया, वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव भी कुलदीप को आंख दिखाते नजर आए।
क्या थी नाराज़गी की वजह?
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर टीम मैनेजमेंट या खिलाड़ियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक मामला पाकिस्तान की पारी के 18वें ओवर से जुड़ा बताया जा रहा है। इस ओवर की गेंदबाज़ी हार्दिक पंड्या कर रहे थे। ओवर की दूसरी गेंद पर शाहीन शाह अफरीदी ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद हवा में गई और वहां मौजूद कुलदीप यादव कैच को पूरी तरह लपक नहीं पाए। नतीजा यह रहा कि गेंद बाउंड्री लाइन पार चली गई और पाकिस्तान को सीधे 6 रन मिल गए।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इसी ओवर में हार्दिक ने शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान की पारी का अंत कर दिया, लेकिन कैच ड्रॉप की चूक हार्दिक को काफी खली। मैच खत्म होने के बाद भी हार्दिक ने कुलदीप से इस गलती को लेकर बात की, जो कैमरों में साफ नजर आया। बताया जा रहा है कि हार्दिक की फटकार से आहत होकर कुलदीप यादव नाराज़गी के साथ मैदान से बाहर चले गए। इतना ही नहीं, उन्होंने कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी नजरअंदाज किया, जिससे कप्तान भी असहज और नाराज नजर आए।














