---Advertisement---

T20 World Cup: अफगानिस्तान ने दर्ज की पहली जीत, इंग्लैंड ने इटली को हराकर सुपर-8 के ल‍िए क‍िया क्वाल‍िफाई

On: February 16, 2026 7:40 PM
---Advertisement---

T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 28वें मुकाबले में अफगानिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूएई को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 160 रन बनाए। यूएई की ओर से सोहैब खान ने शानदार 68 रन की पारी खेली, जबकि अलीशान शराफू ने 40 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही और रहमनुल्लाह गुरबाज बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद इब्राहिम जारदान ने मोर्चा संभालते हुए 53 रनों की अहम पारी खेली। उनके अलावा गुलबदीन नाइब (13), सेदिकुल्लाह अटल (16) और दर्विश रसूली (33) ने उपयोगी योगदान दिया। अंत में अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 21 गेंदों पर ताबड़तोड़ 40 रन बनाए, जबकि मोहम्मद नबी ने 3 गेंदों में 3 रन बनाकर टीम को 19.2 ओवर में जीत दिलाई।

इस जीत के साथ अफगानिस्तान की सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा हैं। अगर कनाडा बड़ा उलटफेर करते हुए न्यूजीलैंड को हरा देता है, तो अफगानिस्तान के लिए रास्ता खुल सकता है। वहीं न्यूजीलैंड की जीत उन्हें सीधे अगले चरण में पहुंचा देगी। ग्रुप-डी से दक्षिण अफ्रीका पहले ही सुपर-8 में जगह बना चुका है।

कोलकाता में बड़ा उलटफेर टला, इंग्लैंड ने इटली को 24 रन से हराया

दिन के दूसरे मुकाबले में टूर्नामेंट का 29वां लीग मैच इंग्लैंड और इटली के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर होते-होते रह गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 202 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए विल जैक्स ने नाबाद 53 रन की अहम पारी खेली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की टीम ने जबरदस्त मुकाबला किया और एक समय मैच पूरी तरह उनके पक्ष में जाता नजर आ रहा था। बेन मैनेंटी ने 60 रन की शानदार पारी खेली। आखिरी दो ओवरों में इटली को जीत के लिए सिर्फ 30 रन चाहिए थे।
यहीं से मैच का रुख बदला। 19वां ओवर लेकर आए सैम कर्रन ने सिर्फ 5 रन दिए और इंग्लैंड की वापसी करवाई। अंतिम ओवर में इटली को 25 रन बनाने थे, लेकिन टीम कोई रन नहीं बना सकी और आखिरी दो विकेट गंवाकर 178 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सुपर-8 में प्रवेश कर लिया है। अब ग्रुप-सी से वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now