बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से बैंकिंग व्यवस्था को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां इंडियन बैंक की एक शाखा में तैनात सहायक प्रबंधक ( डिप्टी मैनेजर) पर ग्राहकों के बैंक लॉकरों में रखे सोने के गहनों की बड़े पैमाने पर चोरी का आरोप लगा है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 34 वर्षीय आरोपी किरण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन किलो सोने में से 2.70 किलो गायब
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बैंक के लॉकरों में सुरक्षित रखे गए करीब तीन किलोग्राम सोने में से लगभग 2.70 किलोग्राम सोना चोरी कर लिया गया। चोरी किए गए सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब चार करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इस घटना से बैंक ग्राहकों में भारी रोष और चिंता का माहौल है।
शाखा प्रबंधक की गैरमौजूदगी का उठाया फायदा
पुलिस के अनुसार, आरोपी सहायक प्रबंधक किरन कुमार को उस समय लॉकर रूम तक पहुंच मिल जाती थी, जब शाखा प्रबंधक कार्यालय में मौजूद नहीं रहते थे। इसी का फायदा उठाकर उसने सुनियोजित तरीके से चोरी को अंजाम दिया। शुरुआत में आरोपी ने बहुत कम मात्रा में गहने निकाले ताकि किसी को शक न हो, लेकिन धीरे-धीरे उसने चोरी की मात्रा बढ़ा दी।
ऑनलाइन जुए में उड़ाए पैसे
ऑनलाइन सट्टेबाजी की लत के चलते किरण पहले अपनी सैलरी, फिर परिवार के गहने और दोस्तों से उधार लिए पैसे भी सट्टे में हार गया। फिर पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए उसने उसी बैंक के ग्राहकों के लॉकर में रखे सोने पर हाथ साफ कर दिया। उसने इन गहनों को अलग-अलग प्राइवेट फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर करीब ₹2.5 करोड़ रुपये हासिल किए। इस पूरी रकम को उसने ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स पर दांव पर लगाकर गंवा दिया। जांच में पता चला है कि वह अब तक सट्टेबाजी में ₹5 करोड़ से ज्यादा हार चुका है। पुलिस ने उसके पास से करीब 700 ग्राम सोने के गहने बरामद किए हैं।
यह मामला 2 जनवरी को उस समय उजागर हुआ, जब एक ग्राहक अपने गहने निकालने बैंक पहुंचा। लॉकर खोलने पर उसे गहनों में गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। बैंक द्वारा की गई आंतरिक जांच में पता चला कि कुल 21 लॉकरों से गहने गायब हैं। इनमें से 3 लॉकर पूरी तरह खाली कर दिए गए थे। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि चोरी में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
इस घटना के बाद बैंक ग्राहकों में अपने गहनों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता है। कई ग्राहक यह सवाल उठा रहे हैं कि जब बैंक लॉकर जैसी सुरक्षित व्यवस्था में भी उनका सोना सुरक्षित नहीं है, तो वे किस पर भरोसा करें।














