लातेहार: जिले में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जब जंगल क्षेत्र से गुजर रही रेलवे लाइन पर हाथियों का एक झुंड मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में हाथी का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद अन्य हाथी ट्रैक के आस-पास डटे हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से रेल परिचालन तत्काल रोक दिया है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात जंगल से निकलकर हाथियों का झुंड निद्रा और महुआ मिलान स्टेशनों के बीच रेलवे पोल नंबर 173 के पास बरकाकाना–बरवाडीह रेलखंड को पार कर रहा था। इसी दौरान इस रूट से एक मालगाड़ी गुजर रही थी। एक हाथी मालगाड़ी की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद घायल हाथी रेलवे ट्रैक पर ही बैठ गया।
आक्रोशित हुआ झुंड, ट्रैक पर डटे हाथी
हादसे के बाद हाथियों का झुंड आक्रोशित हो गया और घायल हाथी के आसपास ही जमा रहा। झुंड ने पूरे रेलवे ट्रैक को घेर लिया, जिससे किसी भी ट्रेन का आवागमन असंभव हो गया। हाथियों की मौजूदगी और उनके आक्रामक व्यवहार को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तुरंत इस सेक्शन पर रेल यातायात रोकने का निर्णय लिया।
ज्ञात हो कि अक्टूबर 2024 में भी ट्रेन की चपेट में आने से एक हाथी के बच्चे की मौत हो चुकी है। डेढ़ वर्ष के दौरान दूसरी बार हाथी के बच्चे के ट्रेन की चपेट में आने की घटना ने वन विभाग की कार्य शैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।














