सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अवैध प्रेम संबंधों ने एक व्यक्ति की जान ले ली। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सोते हुए पति की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी प्रेमी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
मामला सुल्तानपुर जिले के लंभुआ कोतवाली अंतर्गत मदनपुर पनियार गांव का है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अमित सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक चालक था। अमित इसी गांव का निवासी था और अक्सर लंबी दूरी की ट्रक ड्राइविंग के चलते घर से बाहर रहता था।
परिजनों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, अमित का करीबी दोस्त दीपक भी ट्रक चालक था। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और इसी भरोसे के चलते दीपक का अमित के घर आना-जाना लगातार बना रहता था। इसी दौरान अमित की पत्नी शिल्पी सिंह और दीपक के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
बताया जाता है कि जब इस रिश्ते की भनक परिवार के अन्य सदस्यों को लगी तो घर में जमकर विवाद हुआ। उस समय दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद शिल्पी और दीपक अपने रिश्ते को खत्म करने को तैयार नहीं थे। धीरे-धीरे दोनों ने अमित को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।
शनिवार को दीपक एक बार फिर अमित के घर पहुंचा। रात में जब अमित गहरी नींद में सो रहा था, तभी शिल्पी और दीपक ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, दीपक ने किसी धारदार हथियार से अमित पर ताबड़तोड़ वार किए और उसका गला रेतकर मार डाला, जबकि शिल्पी ने उसका साथ दिया। हमला इतना घातक था कि अमित को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सुबह जब घटना की जानकारी गांव में फैली तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही लंभुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पत्नी शिल्पी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार आरोपी दीपक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार विशेष टीमें गठित की हैं, जो उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।














