पलामू:चैनपुर थाना क्षेत्र के नेउरा गांव में पीएचईडी विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को एक शादीशुदा महिला के घर में उसके साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जूनियर इंजीनियर का नाम सतीश कुमार है।करीब छह महीने पहले ही उनका तबादला मेदिनीनगर में हुआ था. जिस महिला के साथ उन्हें पकड़ा गया, वह भी उसी विभाग में सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में काम करती है.
बताया जा रहा है कि महिला ने अपने पति और बच्चे को पास के गांव में एक दावत में भेज दिया था और खुद घर पर रुकने की बात कही थी. हालांकि, पति को पहले से ही पत्नी के व्यवहार पर शक था. वह औपचारिक रूप से दावत में शामिल होने के लिए घर से निकला, लेकिन कुछ देर बाद चुपचाप वापस लौट आया. घर पहुंचते ही उसकी नजर बाहर खड़ी एक अनजान बाइक पर पड़ी. इससे उसका संदेह और गहरा गया. जब उसने दरवाजा खटखटाया तो पत्नी ने अंदर से दरवाजा खोलने से मना कर दिया. इसके बाद पति ने शोर मचाना शुरू कर दिया. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचने लगे.
ग्रामीणों के जुटने और दबाव बढ़ने के बाद आखिरकार दरवाजा खोला गया. अंदर पीएचईडी विभाग में कार्यरत जूनियर इंजीनियर सतीश कुमार मौजूद थे. दोनों को साथ देखकर ग्रामीण भड़क उठे. देखते ही देखते माहौल गरमा गया और कथित तौर पर जूनियर इंजीनियर की पिटाई कर दी गई. काफी देर तक गांव में हंगामा चलता रहा. बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने महिला से पूछा कि वह आगे किसके साथ रहना चाहती है. जानकारी के अनुसार, महिला ने अपने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया और कथित प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई.
मामले को लेकर गांव में पंचायत और कानूनी कार्रवाई की चर्चा चल रही है. चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने पुष्टि की है कि एक सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना सामने आई है. हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.













