गढ़वा: जिले के मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत खोलता अटौला गांव में मंगलवार की दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। केबी ईंट भट्ठा परिसर में ईंट ढोने के दौरान घोड़ा गाड़ी की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अवैध रूप से संचालित बताया जा रहा है ईंट भट्ठा
स्थानीय लोगों के अनुसार यह चिमनी ईंट भट्ठा कृष्णा प्रसाद गुप्ता का बताया जा रहा है, जो कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित हो रहा था। हादसा उस समय हुआ जब भट्ठा परिसर में घोड़ा गाड़ी से कच्ची ईंटों की ढुलाई की जा रही थी। इसी दौरान अचानक घोड़ा बेकाबू हो गया और पास में मौजूद दो बच्चियों को रौंदते हुए निकल गया।
एक बच्ची की मौत, दूसरी की हालत नाजुक
हादसे में एक वर्षीय काव्य कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीन वर्षीय आरती कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने काव्य को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक इलाज के बाद आरती को बेहतर उपचार के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरती की एक आंख पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक मृतक बच्ची काव्य के पिता सतीश कुमार केवट बिलासपुर जिले के गोवाडीह गांव के निवासी हैं। वहीं घायल आरती के पिता अघनू केवट भी बिलासपुर जिले के हरदी गांव के रहने वाले हैं। दोनों पिता केबी ईंट भट्ठा में मजदूरी कर ईंट बनाने का कार्य करते हैं और वहीं अपने परिवार के साथ रह रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मौजूद लोगों से बारी-बारी से पूछताछ की। इस दौरान पीड़ित परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है और कहा है कि मामले की गहन जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।













