---Advertisement---

सिल्ली अंचल ऑफिस के अमीन गणेश महतो को एसीबी ने रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा

On: February 19, 2026 2:15 PM
---Advertisement---

रांची:एसीबी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान सिल्ली अंचल कार्यालय में अमीन गणेश महतो को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा।आरोपी अमीन पर जमीन नापी की रिपोर्ट और नक्शा उपलब्ध कराने के बदले 8 हजार रुपये की मांग करने का आरोप है।

मामले की शिकायत वासुदेव महतो नामक व्यक्ति ने एसीबी से की थी. शिकायत के मुताबिक, उन्होंने 16 दिसंबर 2025 को जमीन मापी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था. 10 फरवरी 2026 को जमीन की नापी भी कर दी गई, लेकिन इसके बाद रिपोर्ट और नक्शा देने के लिए अमीन कथित रूप से पैसे की मांग करने लगा.

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया. तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी अमीन ने 8 हजार रुपये रिश्वत के रूप में स्वीकार किए, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाया जा सके.

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now