---Advertisement---

राहुल गांधी समेत 25‌ कांग्रेसी सांसदों को गोली मारने की धमकी, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

On: February 19, 2026 5:53 PM
---Advertisement---

कोटा: राजस्थान के कोटा के उद्योग नगर क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जान से मारने की खुलेआम धमकी दी। धमकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान राज आमेरा के रूप में हुई है, जो खुद को करणी सेना से जुड़ा हुआ बता रहा है।

वायरल वीडियो में आरोपी ने संसद में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के चैंबर में हुई कथित घटना का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष के 25 सांसदों द्वारा की गई बदतमीजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उसने इस पूरे घटनाक्रम के लिए सीधे तौर पर राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया।

आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में इस तरह की कोई घटना दोहराई गई तो 25 सांसदों के घरों में तोड़फोड़ की जाएगी और राहुल गांधी के घर में घुसकर उन्हें गोली मार दी जाएगी। उसने आगे कहा कि 24 घंटे के अंदर 25 सांसदों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो सभी को एक-एक कर गोली मार देंगे। उसने यह भी कहा कि यदि इस बयान के बाद उसे जेल भी जाना पड़े तो उसे कोई आपत्ति नहीं है।

वीडियो में आरोपी ने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार में मंत्री किरण रिजिजू के हालिया बयान के बाद वह और उसके साथी बेहद आक्रोशित हैं।

पवन खेड़ा ने साझा किया वीडियो

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इस धमकी भरे वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे RSS-भाजपा तंत्र की गोडसे फैक्ट्री मानसिकता का परिणाम है। पवन खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी और 25 सांसदों के खिलाफ दी गई धमकी एक सुनियोजित और खतरनाक साजिश का हिस्सा है।

गौरतलब है कि 11 फरवरी को भाजपा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस के सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष के चैंबर में घुसकर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। भाजपा का दावा था कि इस दौरान प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे और उन्होंने सांसदों को रोकने के बजाय उकसाया। इसके जवाब में विपक्षी दलों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया था, जिस पर 118 सांसदों के हस्ताक्षर थे।

वीडियो सामने आने के तुरंत बाद कोटा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी राज आमेरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी देने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस घटनाक्रम के बीच श्री राजपूत करणी सेना ने आधिकारिक रूप से वीडियो से दूरी बना ली है। गुरुवार को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने बयान जारी कर कहा कि किसी भी व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देना संगठन की विचारधारा के खिलाफ है। महिपाल मकराना ने यह भी कहा कि वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति संगठन से जुड़ा नहीं है और उसका करणी सेना से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि संगठन की छवि धूमिल न हो।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now