---Advertisement---

महिला की बेरहमी से हत्या कर 65 लाख के गहने लूटे, देखता रह गया बेबस पति

On: February 19, 2026 7:56 PM
---Advertisement---

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से दिल को झकझोर देने वाली लूट-हत्या की वारदात सामने आई है, जहां एक 70 वर्षीय महिला की उसके ही घर के अंदर बेरहमी से हत्या कर दी गई। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि पूरी वारदात के दौरान उसका लकवाग्रस्त पति व्हीलचेयर पर बैठा सब कुछ देखता रहा।
यह सनसनीखेज घटना बेंगलुरु के नेलमंगला इलाके में स्थित जयदेव चौल्ट्री के पास पीट बीड़ी क्षेत्र में हुई, जो नेलमंगला टाउन पुलिस स्टेशन की सीमा में आता है।

पुलिस के अनुसार, मृतका शोभा अपने पति रंगनाथ के साथ अकेली रहती थीं। दंपती के कोई संतान नहीं थी। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी ने घर को निशाना बनाया। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने यह देखकर कि घर में सिर्फ बुजुर्ग दंपती हैं, अंदर घुसपैठ की। उसने पहले शोभा पर हमला किया, सिर पर वार किया और बाद में गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह पूरी वारदात व्हीलचेयर पर बैठे उनके पति की आंखों के सामने हुई।

हत्या के बाद आरोपी ने घर में नकदी की तलाश की। जब उसे कैश नहीं मिला, तो उसने शोभा का मंगलसूत्र और चूड़ियां उतार लीं। पुलिस का अनुमान है कि करीब 450 ग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 65 लाख रुपये है, आरोपी लेकर फरार हुआ। हैरानी की बात यह है कि आरोपी करीब डेढ़ घंटे तक घर के अंदर मौजूद रहा और इत्मीनान से लूटपाट करता रहा, फिर अपने एक्टिवा स्कूटर से वहां से निकल गया।

टेक्निकल एनालिसिस और CCTV कैमरों की ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवकुमार (उम्र 35 वर्ष) की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शिवकुमार एक होलसेल दुकान का मालिक है। जांच अधिकारियों ने बताया कि शिवकुमार पर करीब 8 लाख रुपये का कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि शुरुआती जांच के दौरान वह क्राइम सीन के पास मौजूद था और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद वह अपने एक्टिवा स्कूटर से चुपचाप घर निकल गया।

जब पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों को चेक किया तो फुटेज में वह वारदात के बाद एक्टिवा स्कूटर पर भागते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने एक्टिवा स्कूटर का रजिस्ट्रेशन नंबर ट्रेस किया, तो सीधा तार शिवकुमार से जुड़ गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, एक्टिवा स्कूटर और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now