कराची: पाकिस्तान के कराची में रमजान का पहला रोजा शुरू होने से पहले गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेहरी के समय एक तीन मंजिला इमारत में गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। इस हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 9 मासूम बच्चे शामिल हैं, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस और राहत एजेंसियों के अनुसार, यह धमाका कराची के ओल्ड सोल्जर बाजार इलाके में स्थित एक रिहायशी इमारत की पहली मंजिल पर सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। उस वक्त घरों में लोग सेहरी की तैयारी कर रहे थे और कई परिवार जाग रहे थे।
धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि इमारत का जर्जर हिस्सा भरभराकर गिर गया। आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर जुट गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक मलबे से 14 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अस्पताल में भर्ती कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में 2 से 17 साल तक की उम्र के 9 बच्चे शामिल हैं। वहीं घायलों में भी 7 बच्चे बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज अस्पतालों में चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि धमाका गैस लीक की वजह से हुआ। पुलिस और तकनीकी टीमें मौके से साक्ष्य जुटा रही हैं, ताकि विस्फोट के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने बताया कि मलबे में अब भी किसी के फंसे होने की संभावना को देखते हुए सर्च ऑपरेशन जारी है। भारी मशीनों और स्निफर डॉग्स की मदद से राहत कार्य किया जा रहा है।













