उमरिया: मध्यप्रदेश के उमरिया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले की ककरेली पंचायत अंतर्गत आने वाले गांव कल्दा स्थित हाई स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के अजीबोगरीब व्यवहार ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बीते कई दिनों से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है, जिससे न सिर्फ शिक्षक बल्कि छात्राओं के परिजन भी भयभीत हैं।
जानकारी के अनुसार, स्कूल में सामान्य रूप से कक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान अचानक कुछ छात्राएं अपनी सीट से उठकर बाहर की ओर दौड़ पड़ीं। बताया जा रहा है कि छात्राओं ने अपने बाल खोल लिए और स्कूल ग्राउंड में जोर-जोर से नाचने-कूदने लगीं। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद शिक्षक और अन्य छात्र घबरा गए। कुछ ही पलों में पूरे स्कूल में हड़कंप मच गया।
स्कूल प्रबंधन द्वारा तुरंत छात्राओं के परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद परिजन छात्राओं को पास ही पहाड़ी क्षेत्र में स्थित महोबा दादर मंदिर लेकर पहुंचे, जहां स्थानीय पंडा द्वारा झाड़-फूंक कराई गई। परिजनों का दावा है कि झाड़-फूंक के बाद छात्राओं की हालत सामान्य हो गई।
हालांकि मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। दो-तीन दिन बाद फिर से स्कूल में इसी तरह की घटनाएं सामने आईं। इस बार करीब 10 से 12 छात्राएं एक साथ इसी प्रकार का व्यवहार करती नजर आईं। बार-बार हो रही इन घटनाओं के चलते यह आशंका जताई जाने लगी कि छात्राओं पर किसी प्रकार का भूत-प्रेत या नकारात्मक शक्ति का साया है। हालांकि इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
छात्राओं के इस व्यवहार से स्कूल प्रशासन पूरी तरह से हैरान है। शिक्षकों का कहना है कि इससे पहले इस तरह की कोई घटना स्कूल में नहीं हुई थी। वहीं, आसपास के गांवों और इलाकों में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं, जिससे डर का माहौल और बढ़ गया है।
प्रशासनिक स्तर पर अब पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह जानने की कोशिश की जा रही है कि छात्राओं के इस असामान्य व्यवहार के पीछे वास्तविक कारण क्या था। क्या यह मास हिस्टीरिया’ या ‘कन्वर्जन डिसऑर्डर’ समस्या या कोई अन्य वजह है। साथ ही यह भी जांच होगी कि स्कूल प्रबंधन ने स्थिति से निपटने के लिए क्या-क्या कदम उठाए।














