---Advertisement---

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप में आज से सुपर-8 का आगाज, पाकिस्तान-न्यूजीलैंड होंगे आमने-सामने

On: February 21, 2026 11:26 AM
---Advertisement---

T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक चरण में प्रवेश कर चुका है। आज से सुपर-8 राउंड की शुरुआत हो रही है और पहले ही मुकाबले में क्रिकेट फैंस को जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी, जब पाकिस्तान और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे।

यह अहम मुकाबला श्रीलंका के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। सुपर-8 के पहले दिन सिर्फ यही एक मैच खेला जाएगा, जिससे इस मुकाबले का महत्व और भी बढ़ जाता है।

पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के लीग चरण के सभी मुकाबले श्रीलंका में खेले थे और सुपर-8 के मैच भी वहीं खेलेगा। ऐसे में परिस्थितियों से परिचित होना उसके लिए बड़ा फायदा साबित हो सकता है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम भी पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी।

हेड-टू-हेड में पाकिस्तान आगे

टी20 विश्व कप के इतिहास में पाकिस्तान का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी रहा है। अब तक दोनों टीमों के बीच 7 विश्व कप मुकाबले हुए हैं, जिनमें पाकिस्तान ने 5 जबकि न्यूजीलैंड ने 2 मैच जीते हैं।
अगर कुल टी20 रिकॉर्ड की बात करें तो तस्वीर लगभग बराबरी की है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 49 टी20 मैचों में पाकिस्तान ने 24 और न्यूजीलैंड ने 23 मुकाबले जीते हैं। खास बात यह है कि न्यूट्रल वेन्यू पर पाकिस्तान का रिकॉर्ड कहीं ज्यादा मजबूत रहा है, जहां 14 में से 11 मैच उसने अपने नाम किए हैं।

ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों का प्रदर्शन काफी मिलता-जुलता रहा। न्यूजीलैंड ने अपने 4 में से 3 मुकाबले जीते और उसे एकमात्र हार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ झेलनी पड़ी। वहीं पाकिस्तान ने भी 4 में से 3 मैच जीते, लेकिन उसे भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में सुपर-8 में दोनों टीमें जीत के इरादे से उतरेंगी।

पिच रिपोर्ट

कोलंबो की पिच को आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है और गेंद पुरानी होती है, मिडिल ओवर्स में स्पिनरों की भूमिका बेहद अहम हो जाती है। पिच धीरे-धीरे स्लो होती जाती है, जिससे बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं रहता। इस मैदान पर 160 से ऊपर का स्कोर अक्सर प्रतिस्पर्धी माना जाता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर खड़ा करने की रणनीति अपना सकती है।

बारिश बन सकती है विलेन

इस मुकाबले पर बारिश का साया भी मंडरा रहा है। AccuWeather के अनुसार कोलंबो में पूरे दिन बारिश की संभावना बनी हुई है। दोपहर करीब 3 बजे तेज बारिश के आसार जताए गए हैं। टॉस के समय (शाम 6:30 बजे) बारिश की संभावना लगभग 30 प्रतिशत है, जबकि मैच के दौरान (7 से 11 बजे) यह करीब 20 प्रतिशत रह सकती है। अगर बारिश के कारण मैच रद्द होता है तो दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ेगा। गौरतलब है कि सुपर-8 मुकाबलों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आज़म, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।

न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलेन, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, टिम सिफर्ट, ईश सोढ़ी, कोल मैककॉन्ची।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now