शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। नगर निकाय चुनाव को लेकर श्री बंशीधर नगर में सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। मतदान में अब महज दो दिन शेष बचे हैं, ऐसे में सभी प्रत्याशी पूरी ताकत के साथ मैदान में डटे हुए हैं। खासकर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 जंगीपुर में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। यहां किस्मत आजमा रहे प्रत्याशी एड़ी-चोटी का जोर लगाते हुए घर-घर जनसंपर्क कर मतदाताओं से समर्थन की अपील कर रहे हैं।
शनिवार को वार्ड 14 से युवा प्रत्याशी उपेंद्र कुमार मेहता ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान समर्थकों का उत्साह देखने लायक था। गगनभेदी नारों के बीच उपेंद्र कुमार मेहता ने क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से आशीर्वाद मांगा और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान उपेंद्र कुमार मेहता ने दावा किया कि वार्ड संख्या 14 की जनता का उन्हें भरपूर सहयोग और समर्थन मिल रहा है। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे चुनाव चिन्ह बाला छाप क्रमांक संख्या 3 पर बटन दबाकर उन्हें विजयी बनाएं, ताकि वार्ड के समग्र विकास की दिशा में ठोस पहल की जा सके।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और महिलाओं की सुरक्षा भी उनके एजेंडे में शामिल है। विनोद मेहता,अनिल मेहता,सुरेन्द्र मेहता,राजन चंद्रवंशी,दीपक चंद्रवंशी,सत्येंद्र मेहता,संजय कुमार,मुन्ना कुमार,संजय कुमार चंद्रवंशी,अजय पासवान,विशाल कुमार,रवि कुमार,देवंती देवी,रीना देवी,आशा देवी,संगीता देवी,किरण देवी,कबूतरी देवी शाहिद बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे।
गौरतलब है कि वार्ड संख्या 14 में कुल पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिससे मुकाबला काफी रोचक हो गया है। निवर्तमान वार्ड पार्षद अनिल कुमार गुप्ता के अलावे अवधेश कुमार मेहता, उपेंद्र कुमार मेहता, मुबारक अंसारी एवं चंदन जायसवाल मैदान में है। चुनावी चर्चा में जातीय समीकरण भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर मतदाता अपने-अपने सामाजिक आधार के अनुसार रणनीति बना रहे हैं, जिससे चुनाव और भी दिलचस्प हो गया है।
मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही प्रचार अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। ऐसे में वार्ड 14 जंगीपुर में किस प्रत्याशी के पक्ष में मतदाताओं का रुझान निर्णायक साबित होगा, यह तो 27 फरवरी को मतगणना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है और प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं।
श्री बंशीधर नगर में चुनावी तापमान चरम पर, वार्ड 14 जंगीपुर में तेज हुआ प्रचार अभियान














