NZ vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण की शुरुआत ही बारिश की भेंट चढ़ गई। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेला जाने वाला मुकाबला टॉस के बाद एक भी गेंद फेंके बिना रद्द कर दिया गया। करीब दो घंटे तक मौसम साफ होने का इंतजार किया गया, लेकिन लगातार होती बारिश के कारण अंपायरों ने मैच रद्द घोषित कर दिया, फलस्वरूप दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट से संतोष करना पड़ा।
मैदान पर उस समय उम्मीद जगी जब पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा और न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर टॉस के लिए उतरे। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला भी कर लिया था। खिलाड़ी वार्म-अप के बाद मैदान में उतरने की तैयारी में थे, तभी अचानक हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई जो कुछ ही देर में तेज बारिश में बदल गई। कवर लगाए गए और फिर मौसम ने दोबारा मौका ही नहीं दिया। अंततः रात करीब 9 बजे अंपायरों ने मैच रद्द करने का फैसला सुनाया।
एक-एक अंक मिलने से अंक तालिका में दोनों टीमों का खाता तो खुल गया, लेकिन पाकिस्तान के लिए यह नतीजा ज्यादा नुकसानदेह माना जा रहा है। इसकी वजह आईसीसी की प्लेइंग कंडीशंस हैं। सुपर-8 में अगर दो टीमें बराबर अंकों पर रहती हैं तो ग्रुप स्टेज में ज्यादा मैच जीतने वाली टीम आगे जाएगी। अगर जीत भी बराबर रहती है तो नेट रन रेट (NRR) का सहारा लिया जाएगा। पाकिस्तान का नेट रन रेट न्यूजीलैंड से कम है, ऐसे में आगे फायदा न्यूजीलैंड को ही मिलेगा। ऐसे में पाकिस्तान को आगे के मुकाबलों में जीत के साथ-साथ बेहतर रन रेट भी बनाए रखना होगा, क्योंकि एक संभावित जीत का मौका बारिश ने छीन लिया। न्यूजीलैंड के लिए भी यह आदर्श शुरुआत नहीं है, लेकिन उनके लिए समीकरण अपेक्षाकृत आसान माने जा रहे हैं।
सुपर-8 जैसे छोटे चरण में हर मैच निर्णायक होता है। अब पाकिस्तान को अपने बाकी मुकाबलों में न सिर्फ जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि बड़े अंतर से जीत हासिल कर नेट रन रेट मजबूत करना होगा। वहीं न्यूजीलैंड की टीम भी इस मैच को भूला कर अगले मैचों में पूरे अंक हासिल करने की कोशिश करेगी।
बारिश ने भले ही मुकाबले का रोमांच छीन लिया हो, लेकिन अंक तालिका की जंग अब और ज्यादा दिलचस्प हो गई है।














