जुगसलाई नगर परिषद चुनाव:डॉली मलिक ने किसी को समर्थन नहीं किया, बोली,अफवाहों पर न दें ध्यान, सच्चाई की होगी जीत
जमशेदपुर : जमशेदपुर अंतर्गत जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी डोली मलिक ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने किसी भी अन्य प्रत्याशी, विशेष रूप से रिंकू सिंह, को कोई समर्थन नहीं दिया है। सोशल मीडिया और क्षेत्र में फैलाई जा रही इस तरह की खबरें पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।
डोली मलिक ने कहा कि वे स्वयं मजबूती से चुनाव मैदान में हैं और पूरी निष्ठा के साथ जनता के बीच जाकर अपने मुद्दों को रख रही हैं। उन्होंने कहा, “कुछ लोग जनता को भ्रमित करने के लिए झूठी अफवाहें फैला रहे हैं, लेकिन सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता। सच्चाई की ही जीत होगी।”
वहीं, उनके समर्थक मानिक मलिक ने भी इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि विरोधी खेमे द्वारा सुनियोजित तरीके से भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “डोली मलिक पूरी मजबूती से चुनाव लड़ रही हैं। किसी को समर्थन देने की बात पूरी तरह झूठी और बेबुनियाद है। जनता सब देख और समझ रही है, अफवाह फैलाने वालों को जनता ही जवाब देगी।”
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक बयानों पर ही भरोसा करें। डोली मलिक ने विश्वास जताया कि क्षेत्र की जनता विकास, पारदर्शिता और ईमानदारी के मुद्दे पर मतदान करेगी और सच्चाई की जीत सुनिश्चित करेगी।










