सिल्ली :- सिल्ली थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न गांवों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान हजारों लीटर तैयार महुआ शराब मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि अवैध भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के कई स्थानों पर छापेमारी की। अभियान में पुलिस बल के जवानों के साथ विशेष टीम भी शामिल रही। पुलिस ने अवैध रूप से संचालित शराब निर्माण स्थलों को चिन्हित कर कार्रवाई की और शराब बनाने के उपकरणों को भी नष्ट कर दिया।
थाना प्रभारी नवीन कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि जो लोग अवैध शराब के धंधे में संलिप्त हैं, वे तुरंत इसे बंद कर दें। अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी हाल में अवैध शराब का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।










