हजारीबाग: हजारीबाग जिला छात्र युवा अधिकार संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को हजारीबाग गांधी मैदान में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य 9 वर्षों से लंबित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के शीघ्र आयोजन को लेकर विधानसभा सत्र के दौरान आगामी आंदोलन की रणनीति तय करना था।
बैठक की अध्यक्षता जीवन यादव ने किया।बैठक में जिला इकाई के सदस्यों ने भाग लिया और वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जेटेट परीक्षा का वर्षों से आयोजन नहीं होना राज्य के लाखों बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है। सरकार एवं शिक्षा विभाग द्वारा अब तक परीक्षा के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं प्रारंभ नहीं किए जाने पर सदस्यों ने गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बार-बार नियमावली और अधिसूचना जारी कर वापस लेने से अभ्यर्थियों में असमंजस एवं निराशा की स्थिति उत्पन्न हुई है।
सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र ही जेटेट परीक्षा के आयोजन की दिशा में ठोस एवं स्पष्ट कदम नहीं उठाए गए, तो सरकार के विरुद्ध व्यापक एवं चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।6से 9 मार्च के बीच राज्य के सभी जिला में विरोध प्रदर्शन होगा।और विधानसत्र सत्र के दौरान राज्य स्तर पर अनिश्चितकालीन प्रदर्शन होगा।इस आंदोलन में हजारीबाग जिला इकाई के साथ-साथ राज्य के सभी जिलों के प्रशिक्षित शिक्षक संघ के बीएड एवं डीएलएड अभ्यर्थी भाग लेंगे।
संघ ने राज्य सरकार से पुनः मांग की है कि अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जेटेट परीक्षा की संशोधित नियमावली को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर परीक्षा आयोजन की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए।बैठक में जीवन यादव,रविंद्र कुमार,विक्रम कुमार,राधे मेहता,वीरेंद्र महली,छोटेलाल ,अजय कुमार,तथा दर्जनों छात्र उपस्थिति थी।










