T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय टीम के सभी खिलाड़ियों पर 50-50 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया है। बोर्ड का यह फैसला टूर्नामेंट में खराब प्रदर्शन को लेकर लिया गया है।
पाकिस्तान की टीम सुपर-8 चरण के बाद प्रतियोगिता से बाहर हो गई। इसके साथ ही टीम लगातार चौथी बार किसी आईसीसी पुरुष टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गई। बोर्ड पहले ही स्पष्ट कर चुका था कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी और अपेक्षा के अनुरूप नतीजे नहीं मिलने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ 61 रनों की करारी हार के तुरंत बाद ही जुर्माने का निर्णय ले लिया गया था। उस मुकाबले में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही विभागों में टीम का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। हालांकि खिलाड़ियों को यह भी संकेत दिया गया था कि यदि टीम सेमीफाइनल में पहुंचती है तो यह जुर्माना माफ किया जा सकता है।
सुपर-8 चरण में पहुंचकर पाकिस्तान ने लगातार तीसरी बार पहले चरण से बाहर होने की शर्मिंदगी तो टाल दी, लेकिन सुपर-8 में हालात उसके पक्ष में नहीं रहे। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया, जिससे अहम अंक बंट गए। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार ने टीम की राह और मुश्किल कर दी।
उधर, न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को बड़े अंतर से हराकर नेट रन रेट में बढ़त बना ली। इससे पाकिस्तान की उम्मीदें अन्य टीमों के नतीजों और श्रीलंका पर बड़ी जीत पर टिक गईं। हालांकि श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान को जीत तो मिली, लेकिन अंतर इतना बड़ा नहीं था कि वह अंतिम चार में जगह बना सके।
पीसीबी के इस फैसले को टीम के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है। बोर्ड का मानना है कि बड़े टूर्नामेंट में निरंतर असफलता से टीम की साख प्रभावित हो रही है। माना जा रहा है कि आगामी श्रृंखलाओं से पहले चयन और रणनीति स्तर पर भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।














