रांची: होली से पहले राजधानी रांची में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह पूरा खेल शहर के हिनू इलाके में एक रिहायशी मकान के भीतर चोरी-छिपे चल रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम ने सुनियोजित तरीके से छापेमारी की और मौके से भारी मात्रा में तैयार अवैध शराब बरामद की।
जानकारी के अनुसार, आरोपी लंबे समय से घर के भीतर ही शराब बनाने और उसकी पैकिंग का काम कर रहे थे। छापेमारी के दौरान टीम ने बड़ी संख्या में तैयार शराब की बोतलें, खाली बोतलें, ढक्कन, कार्क, रैपर और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तैयार की गई अवैध शराब को शहर के अलग-अलग इलाकों में खपाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौनक कुमार, पवन कुमार और मुन्ना के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, ये लोग संगठित तरीके से अवैध शराब का निर्माण और सप्लाई कर रहे थे।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी चोरी की बाइक के जरिए शहर में घूम-घूमकर शराब की डिलीवरी करते थे, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। छापेमारी के दौरान एक स्कूटी और एक बाइक भी जब्त की गई है, जिनका इस्तेमाल सप्लाई के लिए किया जाता था।














