---Advertisement---

पलामू: सिगरेट नहीं मिलने पर दबंगों ने फूंक दी दुकान, 10 लाख का नुकसान; 2 आरोपी हिरासत में

On: March 5, 2026 4:42 PM
---Advertisement---

पलामू: जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां सिगरेट नहीं देने की बात पर नाराज कुछ दबंग युवकों ने एक किराना और जनरल स्टोर में आग लगा दी। आग लगने से दुकान में रखा सामान, नकदी और शादी के लिए खरीदा गया सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में दुकानदार को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
यह घटना सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव स्थित निराला टोला में बुधवार देर रात हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था।

सिगरेट को लेकर हुआ विवाद

दुकान मालिक राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि देर रात करीब चार युवक उनकी दुकान के पास पहुंचे और बंद शटर को पीटने लगे। जब वह बाहर आए तो युवकों ने सिगरेट की मांग की। राजेश ने बताया कि उस समय दुकान में सिगरेट खत्म हो चुकी थी, इसलिए उन्होंने देने से मना कर दिया। सिगरेट नहीं मिलने पर युवक भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोगों के जुटने पर वे वहां से चले गए, लेकिन जाते-जाते गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर गए थे।

कुछ देर बाद दुकान में लगी आग

राजेश कुमार के अनुसार, युवकों के जाने के कुछ ही देर बाद उनकी दुकान में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते दुकान में रखा सामान जलने लगा। शोर मचने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की।

इसी बीच सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान का ज्यादातर सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

शादी का सामान और नकदी भी जल गई

दुकानदार ने बताया कि 11 मार्च को उसके भाई की शादी है। इसी वजह से उसने करीब डेढ़ लाख रुपये का शादी का सामान दुकान में रखा हुआ था। इसके अलावा करीब 80 हजार रुपये नकद भी दुकान में मौजूद थे, जो आग में जलकर नष्ट हो गए। राजेश के मुताबिक दुकान में रखे किराना और अन्य सामान समेत कुल मिलाकर करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

पुलिस ने दो आरोपियों को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now