झारखंड वार्ता संवाददाता
रमना (गढ़वा): प्रखंड मुख्यालय रमना सहित आसपास के क्षेत्रों में पेट्रोल की कमी को लेकर फैली अफवाह के कारण शुक्रवार को पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ डिब्बा व बोतल लेकर पेट्रोल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे, जिससे कई जगह लंबी कतारें लग गईं।
अफवाह के कारण अचानक बढ़ी भीड़ से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया और आपसी चर्चा के माध्यम से यह खबर फैल गई कि क्षेत्र में जल्द ही पेट्रोल की कमी हो सकती है। इसी आशंका के चलते लोग एहतियात के तौर पर पहले से ही पेट्रोल जमा करने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे, जिसके कारण भीड़ की स्थिति बन गई।
इस संबंध में रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से आपूर्ति हो रही है।
थाना प्रभारी ने कहा कि लोग बेवजह घबराकर पेट्रोल जमा करने की कोशिश न करें। इससे अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति पैदा होती है, जिससे अन्य लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने आम जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
प्रशासन की ओर से भी लोगों को सलाह दी गई है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल लें, ताकि सभी लोगों को आसानी से पेट्रोल उपलब्ध हो सके। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि किसी के द्वारा जानबूझकर अफवाह फैलाने की जानकारी मिलती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
रमना में पेट्रोल की कमी की अफवाह, पंपों पर उमड़ी भीड़, प्रशासन ने लोगों से की ये अपील














