रांची: आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जिला पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के लिए प्रस्तावित नामों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। इस संबंध में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अपने हस्ताक्षर से आधिकारिक सूची जारी की है।
जारी सूची के अनुसार, झारखंड से कांग्रेस के 20 नेताओं को पश्चिम बंगाल में जिला पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इन नेताओं के अनुभव और संगठनात्मक पकड़ का फायदा चुनावी रणनीति को मजबूत करने में मिलेगा।
सूची में झारखंड के कई वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं के नाम शामिल हैं। इनमें पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू, खूंटी से लोकसभा सांसद कालीचरण मुंडा, झारखंड विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और उप नेता राजेश कच्छप को अहम जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय तथा झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर को भी सूची में शामिल किया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन नेताओं को पश्चिम बंगाल के अलग-अलग जिलों में संगठन को मजबूत करने, स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने और चुनावी गतिविधियों की निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है।











