धनबाद: झारखंड के धनबाद में रविवार को पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह के गुर्गों के बीच मुठभेड़ हो गई। बताया जा रहा है कि रंगदारी वसूलने पहुंचे अपराधियों का पुलिस से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। इस मुठभेड़ में गैंग का एक गुर्गा घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
घटना सरायढेला थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-धनबाद मुख्य सड़क किनारे स्थित फायरिंग रेंज इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, प्रिंस खान गैंग का सदस्य सुदीश झा पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, उसका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
मुठभेड़ के दौरान सरायढेला थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर बालमुकुंद सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
इस दौरान पुलिस को मौके से एक जिंदा बम भी बरामद हुआ है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए रांची से एफएसएल टीम और बम निरोधक दस्ता भी बुलाया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है और फरार अपराधी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही फरार अपराधी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














