---Advertisement---

IND vs NZ Final: भारत लगातार दूसरी बार बना वर्ल्ड चैंपियन, फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया

On: March 8, 2026 11:07 PM
---Advertisement---

IND vs NZ Final: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप (ICC Men’s T20 World Cup) 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया। 8 मार्च को खेले गए इस खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने दमदार खेल दिखाते हुए लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। भारत पहली टीम है जिसने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता है, साथ ही पहली टीम है जिसने अपने होम ग्राउंड पर खिताब जीता है।

भारत ने खड़ा किया विशाल स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 98 रनों की अहम साझेदारी हुई।

संजू सैमसन ने 46 गेंदों पर 89 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। वहीं अभिषेक शर्मा ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 3 छक्के शामिल थे।

इसके बाद ईशान किशन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम की रनगति को बनाए रखा। उन्होंने 25 गेंदों में 54 रन बनाकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंतिम ओवरों में शिवम् दुबे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन ठोक दिए।

इस तरह भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड की ओर से जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि मैट हेनरी और रचिन रविन्द्र को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई न्यूजीलैंड

256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को पहला झटका 31 रन के स्कोर पर फिन एलेन के रूप में लगा। इसके तुरंत बाद 32 रन के स्कोर पर रचिश रविन्द्र भी 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि सलामी बल्लेबाज टीम साइफर्ट ने एक छोर संभालने की कोशिश की। उन्होंने 26 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 5 छक्के शामिल थे। लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण न्यूजीलैंड मैच में वापसी नहीं कर सका। मध्यक्रम में ग्लेन फिलीप्स 5 रन और मार्क चैपमैन 3 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे टीम पूरी तरह दबाव में आ गई और कीवी टीम 159  रन पर ऑल आउट हो गई।

भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

भारतीय गेंदबाजों ने भी फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं अक्षर पटेल ने तीन विकेट झटके। इसके अलावा हार्दिक पांड्या, वरूण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा को एक-एक विकेट मिला।

भारत ने तीसरी बार जीता टी-20 वर्ल्ड कप

भारत की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद में खेले गए इस फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को चारों खाने चित कर दिया और क्रिकेट इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now