---Advertisement---

झारखंड के कई जिलों में येलो अलर्ट, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

On: March 10, 2026 9:51 AM
---Advertisement---

रांची: झारखंड में सोमवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। राज्य के कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में अच्छी बारिश भी दर्ज की गई। बारिश और बादलों के कारण तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली, हालांकि कई जगहों पर उमस भरी गर्मी भी लोगों को महसूस हुई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को सबसे अधिक बारिश बोकारो जिले में दर्ज की गई, जहां करीब 24 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं धनबाद में लगभग 10 से 11 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की सूचना है। इधर जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। अचानक हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई जगहों पर सड़कें भीगने से आवाजाही थोड़ी प्रभावित हुई।

10 और 11 मार्च को फिर बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी दो दिनों के लिए भी राज्य में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 10 मार्च को रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में मेघ गर्जन और बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है।

वहीं 11 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

येलो अलर्ट जारी, वज्रपात का खतरा

मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर वज्रपात (बिजली गिरने) की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बादल, गरज-चमक और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now