जमशेदपुरः परसुडीह थाना अंतर्गत सरजमदा में मंगलवार को काम के दौरान सरजमदा निवासी अनिल गुईया मजदूर की दूसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि सरजमदा में रेणु देवी के घर में छत की सेंट्रिंग का काम चल रहा था। साथी मजदूर रामचंद्र देवगम के मुताबिक दोपहर के समय सभी मजदूर काम खत्म कर भोजन करने के लिए सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे. इसी दौरान अनिल का पैर अचानक फिसल गया. चूंकि सीढ़ियों पर सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं लगी थी, इसलिए वह अनियंत्रित होकर सीधे दूसरी मंजिल से जमीन पर आ गिरा.
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से जख्मी अनिल को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही ठेकेदार रवि लोहार भी अस्पताल पहुंचे.
निर्माणाधीन मकानों में बिना रेलिंग और सुरक्षा उपायों के काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा पर इस घटना ने एक बार फिर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.









